PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही के स्वरूपगंज थाना क्षेत्र में रोहिडा रोड पर जनजाति आश्रम छात्रावास के पास रविवार को सवारी टेंपो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद टेंपो पलट गया, जिससे टेंपो और बाइक पर सवार कुल 9 लोग घायल हो गए। जिसमें से इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। हादसे के बाद टेंपो ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
ढलान पर बेकाबू हुआ टेंपोजानकारी के अनुसार, रोहिडा रोड पर छात्रावास से पहले ढलान से एक सवारी टेंपो स्वरूपगंज की ओर आ रहा था। इसी दौरान टेंपो बेकाबू होकर सामने से आ रही बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो सड़क पर पलट गया और उसमें सवार यात्री घायल हो गए।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को स्वरूपगंज अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।ये लोग हुए घायल
टेंपो में सवार जशोधरा (50) पत्नी डासुराम मेघवाल, लक्ष्मी (50) पत्नी पुनाराम मेघवाल, मानाराम (70) पुत्र भीमाजी मेघवाल, लक्ष्मी देवी (60) पत्नी लालाराम मेघवाल, अचरी (62) पत्नी अचलाराम मेघवाल, गवरी देवी (60) पत्नी भोपाजी पुरोहित (सभी निवासी वाटेरा) तथा रेवाराम (50) पुत्र जेठाराम वाल्मीकि निवासी तरूंगी घायल हुए।
वहीं, बाइक पर सवार भेराराम (62) पुत्र बुटाजी घांची और चुन्नीलाल (50) पुत्र रामाजी घांची (दोनों निवासी नितोड़ा) भी घायल हुए। दोनों नितोड़ा से रोहिडा लोकाई जा रहे थे। जबकि सिरोही अस्पताल में इलाज के दौरान अचरी (62) की मौत हो गई।
पुलिस पहुंची, ड्राइवर की तलाश
हादसे की सूचना मिलते ही एएसआई लक्ष्मणराम जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना के बाद टेंपो ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

