PALI SIROHI ONLINE
भामाशाहश्री युगराजजी जैन ने विद्यार्थियों को भेंट कीं 500 नोटबुक और 9 पालनहार की शाला फीस…
नगराज वैष्णव
रानी /महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, भगवानपुरा में कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मिला अध्ययन सामग्री का लाभ
शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए भामाशाह श्रीमान युगराज जी जैन द्वारा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, भगवानपुरा में कक्षा प्रथम से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को 500 नोटबुक और 9 पालनहार विद्यार्थियों की शाला फीस वितरित की गईं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नोटबुक वितरण के दौरान श्री युगराज जैन ने कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई दान नहीं है और विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना समाज के प्रत्येक सक्षम नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य लादू दान चारण ने भामाशाह श्री युगराज जैन का स्वागत करते हुए उनके इस सराहनीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सहयोग से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहन मिलता है तथा समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश जाता है।
नोटबुक प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय परिवार ने भामाशाह का अभिनंदन करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम में समस्त स्टाफ और सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

