PALI SIROHI ONLINE
बाबरा-रास थाना क्षेत्र के बलुपुरा सरहद स्थित एक खेत में बने झोपड़े में गुरुवार तड़के आग लगने से एक किशोरी और उसके पिता झुलस गए। झोपड़े में रखा अनाज, नकदी तथा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग से झुलसे पिता-पुत्री का राबडियावास स्थित सीमेंट फैक्टरी की डिस्पेंसरी में प्राथमिक उपचार किया गया।
जानकारी के अनुसार, मेसिया निवासी लक्ष्मणराम कीर परिवार सहित बलुपुरा सरहद स्थित खेत में सब्जियां उगाते हैं। उन्होंने खेत पर ही एक झोपड़ी बना रखी थी। गुरुवार तड़के सवा चार बजे अज्ञात कारणों से झोपड़े में आग लग गईझोपड़े में सो रही लक्ष्मणराम की किशोर पूनम (15) आग की चपेट में आने से झुलस गई। आग लगने पर चीख-पुकार सुनकर झोपड़े से बाहर सो रहे लक्ष्मणराम सहित परिवार के सदस्य जाग गए। आगबुझाने के दौरान लक्ष्मणराम कीर भी झुलस गए। आग से झोपड़े में रखा अनाज, आभूषण, नकदी, बिस्तर, कपड़े और आवश्यक कागजात सहित लाखों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

