PALI SIROHI ONLINE
जालोर के ऐलाना गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी और अव्यवस्थाओं को लेकर शनिवार सुबह छात्रों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। स्कूल में 24 स्वीकृत पदों में से 13 पद खाली होने और गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने से नाराज लोगों ने सुबह 10 बजे स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और सड़क जाम कर शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीबदो घंटे बाद ताला खोला गया और प्रदर्शन समाप्त हुआ
450 स्टूडेंट्स के लिए केवल 11 शिक्षक कार्यरत
ग्रामीणों ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में करीब 450 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। स्कूल में शिक्षकों के कुल 24 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में 13 पद रिक्त हैं और केवल 11 शिक्षक ही कार्यरत हैं।
प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल के पद भी खाली
ग्रामीणों के अनुसार प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल दोनों का ट्रांसफर होने के बाद से ये पद खाली पड़े हैं। वरिष्ठ अध्यापक के 6 स्वीकृत पदों में से केवल एक शिक्षक कार्यरत है, जबकिपांच पद रिक्त हैं। तृतीय श्रेणी अध्यापक (एल-2) के तीन पदों में से दो खाली हैं और केवल एक शिक्षक कार्यरत है। वहीं कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के लिए स्वीकृत पांच पदों में से तीन पद खाली पड़े हैं।
गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाई जा रही शिक्षकों की ड्यूटी
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्कूल में मौजूद शिक्षकों की ड्यूटी भी विभाग की ओर से जनगणना, चुनाव और विभिन्न सर्वे जैसे गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाई जा रही है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
करीब दो घंटे तक चला प्रदर्शन और सड़क जामशनिवार सुबह 10 बजे ग्रामीणों और स्टूडेंट्स ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और स्कूल के सामने सड़क जाम कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और व्यवस्था संभाली।अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला ताला प्रदर्शन और चक्काजाम की सूचना मिलने पर करीब 11 बजे सायला ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और स्टूडेंट्स से बातचीत की। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और जालोर नायब तहसीलदार की ओर से स्कूल में तीन शिक्षकों की नियुक्ति करने और अन्य रिक्त पद जल्द भरने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और स्कूल का ताला खोल दिया गया। करीब दो घंटे तक चला धरना और जाम इसके साथ समाप्त हो गया।

