PALI SIROHI ONLINE
बाली में बिजली का तार टूटने से दो भेड़ व एक बकरी की करंट लगने से मौत
बाली कस्बे के बाली-चामुंडेरी मेडतिया रोड पर शुक्रवार को बिजली पोल से तार टूटने के कारण बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से दो भेड़ और एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार भूराराम पुत्र गिरधारी देवासी निवासी धणी अपनी भेड़-बकरियों को लेकर सड़क से गुजर रहा था।
इसी दौरान बाबूलाल घांची एवं विक्रमसिंह राजपुरोहित के मकान के पास बिजली पोल से अचानक तार टूटकर नीचे गिर गया। तार की चपेट में आने से दो भेड़ और एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद तुरंत विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद करवाई गई। सूचना पर लाइनमैन दिनेश सैनी एवं भरत मारू मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त तार को दुरुस्त कर बिजली व्यवस्था बहाल की।
स्थानीय निवासी बाबूलाल घांची ने बताया कि संबंधित पोल पर लंबे समय से तारों में शॉर्ट सर्किट की समस्या बनी हुई थी और इसकी जानकारी विभाग को पहले भी दी गई थी, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण यह हादसा हो गया।
घटना के बाद उपनिदेशक पशुपालन विभाग डॉ. शिवचरण सिंह राणावत एवं पशुधन निरीक्षक सुदर्शन सिंह मौके पर पहुंचे और मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से जर्जर तारों और पोलों की समय रहते मरम्मत कर ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।


