PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर जिले के भाद्राजून थाना क्षेत्र के कंवला गांव में शादी का झांसा देकर एक युवक से 3 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिचौलियों ने युवक से रुपए लेकर उदयपुर की एक युवती के साथ लिव-इन का दस्तावेज बनवाया। तीन दिन बाद युवती रात में घर से चली गई।
पीड़ित का कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने अब तक मामला दर्ज नहीं किया है। इससे परेशान होकर उसने जालोर एसपी को ज्ञापन देकर कार्रवाई और अपने पैसे वापसदिलाने की मांग की है।
अकेलेपन का फायदा उठाकर दिया शादी का झांसा
कंवला निवासी तेजाराम मेघवाल ने बताया माता-पिता के निधन के बाद वह घर में अकेला रहता था। इसी का फायदा उठाकर गांव के जालाराम मेघवाल ने उसे शादी कराने का भरोसा दिलाया और उसकी मुलाकात उदयपुर निवासी रणछोडाराम से करवाई।
गरीबी का हवाला देकर मांगे रुपए
रणछोडाराम ने तेजाराम को विश्वास में लेते हुए कहा कि लड़की का परिवार बेहद गरीब है और शादी के लिए 3 लाख रुपए खर्च होंगे। इस पर तेजाराम ने जालाराम की मौजूदगी में रणछोडाराम को 3 लाख रुपए नकद दे दिए।
लिव-इन का दस्तावेज तैयार कराया
इसके बाद आरोपियों ने उसकी मुलाकात उदयपुर जिले के खेरवाड़ा के बाबलवाड़ा गांव की सुमित्रा कुमारी से करवाई। 25 जून 2026 को झाड़ोल तहसील में दोनों के बीच लिव-इन रिलेशनशिप का दस्तावेज तैयार कराया गया, जिसके बाद सुमित्रा तेजाराम के साथ कंवला स्थित उसके घर में रहने लगी।
तीन दिन बाद घर से चली गई युवती
तेजाराम के अनुसार, 28 जून की रात दोनों खाना खाकर सो गए थे। देर रात सुमित्रा अपने कपड़े लेकर बिना बताए घर सेचली गई। सुबह उसकी तलाश गांव और आसपास के इलाकों में की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
पैसे मांगने पर दी धमकी
जब तेजाराम ने जालाराम से अपने रुपए वापस मांगे, तो उसने कथित तौर पर धमकी देते हुए रुपए लौटाने से मना कर दिया। वहीं, रणछोडाराम का मोबाइल लगातार बंद आ रहा है।
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
पीड़ित ने बताया कि उसने 29 जून को ही भाद्राजून थाने में नामजद रिपोर्ट दी थी, लेकिन अब तक न तो मामला दर्ज हुआ और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई। इसी से परेशान होकर उसने एसपी शैलेन्द्र सिंह इंदौलिया को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।

