PALI SIROHI ONLINE
सोजत-पाली जिले के एनएच 162 पर एक अनियंत्रित ट्रॉले ने पैदल चल रहे ट्रक ड्राइवर को कुचल दिया। चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद ट्रॉला डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे दूध टैंकर से टकराकर पलट गया।
ट्रॉले की टक्कर से दूध टैंकर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दूध टैंकर के चालक ने बताया- ट्रॉला लहराता हुआ आ रहा था और रॉन्ग साइड में आकर उसकी गाड़ी से भिड़ गया।
घटना सोजत थाना क्षेत्र की दोपहर की है। मृतक की पहचान तेजाराम 35 साल निवासी (सिणधरी) बाड़मेर के रूप में हुई है।सोजत थाने के ड्यूटी ऑफिसर मुख्य आरक्षी रमेश जाजड़ा ने बताया- अनियंत्रित ट्रॉला सोजत से चूना पत्थर भरकर पाली की ओर जा रहा था। सोजत के नागाबेरी के समीप रॉयल प्लाजो होटल के पास ट्रॉला अनियंत्रित हुआ और टायर का पंक्चर ठीक करवाकर वापस अपने ट्रक के पास पैदल जा रहे ड्राइवर को कुचल दिया।
ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद ट्रॉला डिवाइडर पार कर पाली से ब्यावर की ओर जा रहे दूध टैंकर से टकराकर पलट गया।
शव सोजत जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया
मृतक के शव को सोजत जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है। घायल ट्रॉला चालक ब्रह्मप्रकाश, निवासी भीलवाड़ा, का पाली के बांगड़ अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दूध टैंकर के चालक और खलासी को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद पुलिस और एलएनटी के रूट ऑपरेशनल मैनेजर अजहर खान मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से हाईवे से हटाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि राजमार्ग को सुचारू किया जा सके। फिलहाल, राजमार्ग को कुछ दूरी के लिए टू-लेन पर डायवर्ट कर दिया गया है।
