भीमाणा में एयरटेल टावर बना ग्रामीणों की परेशानी, नेटवर्क व्यवस्था सुधारने की मांग
PALI SIROHI ONLINE
बाली। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र भीमाणा में लगा एयरटेल का मोबाइल टावर ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन गया है। भीमाणा ग्राम पंचायत के प्रशासक प्रतिनिधि दीपाराम गरासिया ने बताया कि 5G के दौर में भी क्षेत्र में स्थापित एयरटेल टावर से केवल 4G नेटवर्क ही उपलब्ध हो रहा है, वह भी नियमित रूप से कार्य नहीं करता।
उन्होंने बताया कि टावर महीने में करीब 15 दिन ही सही तरीके से चालू रहता है। क्षेत्र के अधिकांश लोग मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं और उन्होंने एयरटेल के मोबाइल रिचार्ज भी करवा रखे हैं, लेकिन नेटवर्क सुविधा सुचारू नहीं होने के कारण ग्रामीण उपभोक्ता अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
ग्रामीणों को कॉल करने, ऑनलाइन कार्य करने तथा जरूरी सेवाओं का लाभ लेने में लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दीपाराम गरासिया ने संबंधित उच्च अधिकारियों से जल्द से जल्द नेटवर्क व्यवस्था सुधारकर क्षेत्र में नियमित और बेहतर मोबाइल सेवा उपलब्ध करवाने की मांग की है।
