PALI SIROHI ONLINE
रानी में फुटबॉल समर कैंप का समापन, 24 बच्चों ने लिया निःशुल्क प्रशिक्षण
रानी, नगराज वैष्णव।
रानी विद्यालय मैदान में 5 जून से 27 जून तक आयोजित फुटबॉल समर कैंप का शुक्रवार को समापन हुआ। कैंप का आयोजन फुटबॉल कोच एवं सेवानिवृत्त वायुसेना कर्मी एम.एस. पठान ने अपने स्वविवेक से उपखंड अधिकारी शिवा जोशी के मार्गदर्शन तथा संबंधित विभागों के सहयोग से किया।
कोच एम.एस. पठान ने बताया कि कैंप का उद्देश्य बच्चों को फुटबॉल का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का विकास करना था। इस निःशुल्क शिविर में 7 से 15 वर्ष आयु वर्ग के 24 बच्चों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि कई बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और भविष्य में भी आवश्यकता पड़ने पर रानी के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए वे सदैव सहयोग करेंगे।
भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश गहलोत ने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर खेलों के प्रति प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित खेल गतिविधियों से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है और वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाते हैं।
शिक्षा विभाग के ताज मोहम्मद पठान ने निःशुल्क समर कैंप के सफल आयोजन के लिए कोच एम.एस. पठान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में सर्दियों के मौसम में भी इस प्रकार के खेल शिविर आयोजित किए जाएं, जिससे अधिक से अधिक बच्चे खेलों से जुड़ सकें और उनकी प्रतिभा को बेहतर अवसर मिल सके।


