PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में शुक्रवार सुबह 21 साल के नदीम की जांघ में फंसी गोली का ऑपरेशन किया गया। करीब आधे घंटे तक चले ऑपरेशन में डॉक्टर्स ने जांघ की हड्डी में फंसी गोली को बाहर निकाला। गोली लगने से युवक के स्क्रोटम में भी चोट आई थी, जिसका भी उपचार किया गया। फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक को गोली कैसे लगी।आधे घंटे तक चला ऑपरेशन
बांगड़ हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. कैलाश परिहार और डॉ. ईश्वर पटेल ने ऑपरेशन कर युवक की जांघ से गोली निकाली। डॉ. कैलाश परिहार ने बताया कि गोली चमड़ी से करीब 5 सेंटीमीटर अंदर तक घुस गई थी और जांघ की हड्डी में जाकर फंस गई थी। अत्याधुनिक मशीन की मदद से गोली की लोकेशन तय कर ऑपरेशन किया गया और गोली बाहर निकाली गई। ऑपरेशन के बाद घाव पर पांच टांके लगाए गए हैं, जिन्हें दो सप्ताह बाद खोला जाएगा।

स्क्रोटम में भी लगी थी चोट
डॉक्टरों ने बताया कि गोली लगने से युवक के स्क्रोटम में भी चोट आई थी। इसका उपचार डॉ. जेपी रांगी ने किया। उन्होंने स्क्रोटम पर टांके लगाकर घाव को ठीक किया।
देशी कट्टे या पिस्टल की हो सकती है गोली
ऑपरेशन के बाद निकाली गई गोली फोरेंसिक जांच के लिए पुलिस को सौंप दी गई है। डॉक्टरों के अनुसार गोली करीब एक सेंटीमीटर से कुछ ज्यादा लंबी है। प्रारंभिक तौर पर इसे देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह गोली देशी कट्टे या देशी पिस्टल की हो सकती है।गुरुवार रात जांघ में लगी थी गोली
जानकारी के अनुसार, पाली शहर के नवलखा रोड पर गुरुवार रात इंदिरा कॉलोनी निवासी 21 साल का नदीम पुत्र शौकत अली खड़ा था। इसी दौरान उसकी जांघ में गोली लग गई। उसका साथी उसे तुरंत बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। एक्सरे जांच में जांघ की हड्डी में गोली फंसी मिली थी।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार युवक ने बताया कि उसे नहीं पता कि गोली किसने मारी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोली नजदीक से लगी थी। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और युवक से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गोली कैसे लगी।


