PALI SIROHI ONLINE
चित्तौड़गढ़। शहर के भीलवाड़ा मार्ग स्थित पैराडाइज होटल में ब्लू हेवन थाई स्पा की आड़ में चल रहे देह व्यापार नेटवर्क के मामले में पुलिस ने अपनी तफ्तीश तेज कर दी है। सोमवार रात को हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। वहीं तीन अलग-अलग देशों की चार विदेशी युवतियों के पासपोर्ट और वीजा की गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इन विदेशी महिलाओं को चित्तौडगढ़ तक लाने के पीछे किन बड़े दलालों का हाथ है और वे भारत में वैध तरीके से आईं या अवैध तरीके से।
बोगस ग्राहक भेजकर किया था भंडाफोड़
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि पैराडाइज होटल के प्रथम तल पर संचालित स्पा सेंटर में विदेशी युवतियों से वेश्यावृत्ति करवाई जा रही है। इस पर पुलिस उप अधीक्षक मुख्यालय बृजेश सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने जाल बिछाते हुए स्पा सेंटर पर एक बोगस ग्राहक भेजा। सौदा तय होते ही और इशारा मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर इस अनैतिक कारोबार का पर्दाफाश कर दिया।
पीटा एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने मौके से देह व्यापार का संचालन करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें स्पा का मैनेजर राहुल मेघवाल उसका सहायक मनीष गोस्वामी और गोपाल माली शामिल हैं। ये तीनों आरोपी मूल रूप से पाली जिले के रहने वाले हैं। शहर कोतवाली पुलिस ने इनके खिलाफ पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अनुसंधान डीएसपी चित्तौडगढ़़ ग्रामीण दिनेश सुखवाल की ओर से किया जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की पालना
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कानून और मानवीय गरिमा का पूरा ध्यान रखा। रेस्क्यू की गईं 4 विदेशी महिलाओं 2 थाईलैंड, 1 युगांडा और 1 लाओस को उनकी इच्छा और सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों की पालना में वन स्टॉप सखी सेंटर पर रखा गया है। कार्रवाई के दौरान निष्पक्षता और संवेदनशीलता बनाए रखने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन चित्तौडगढ़़ की महिला सदस्य को भी पुलिस टीम के साथ शामिल किया गया था।
चित्तौड़गढ़ में कब तक पैर पसारेगा विदेशी नेटवर्क
इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि शांत दिखने वाले चित्तौड़गढ़ शहर में भी बाहरी राज्यों और विदेशों से युवतियों को लाकर स्पा की आड़ में धकेला जा रहा है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती उस मुख्य सरगना तक पहुंचने की है जो इन विदेशी युवतियों को टूरिस्ट या बिजनेस वीजा पर भारत लाकर इस दलदल में धकेल रहा है।


