PALI SIROHI ONLINE
जय नारायण सिंह सोजत
राजस्व बोर्ड के यथास्थिति आदेश के बावजूद विवादित कृषि भूमि पर कब्जे के प्रयास का आरोप
रात्रि में ताले तोड़ने, जनरेटर से बोर्ड लगाने की शिकायत; पीड़ित ने पुलिस से मांगी सुरक्षा
सोजत रोड।
सोजत रोड क्षेत्र के ग्राम सियाट में राजस्व विवाद से जुड़ी कृषि भूमि पर कथित कब्जे के प्रयास को लेकर विवाद सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि राजस्व बोर्ड, अजमेर द्वारा यथास्थिति के आदेश जारी होने के बावजूद कुछ लोगों ने रात्रि के समय भूमि में प्रवेश कर ताले तोड़ने, जनरेटर से लगाकर, बोर्ड स्थापित करने तथा अवैध रूप से कब्जा जमाने का प्रयास किया। मामले को लेकर सोजत रोड थाने में लिखित रिपोर्ट देकर सुरक्षा एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सियाट निवासी हाल सोजत रोड सज्जनराज लोहार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ग्राम सियाट स्थित कृषि भूमि के खसरा संख्या 347, 348, 349, 350, 351 एवं 352 को लेकर विभिन्न न्यायालयों में विवाद लंबित है। भूमि के स्वामित्व, खातेदारी अधिकार एवं विक्रय विलेख संबंधी प्रकरणों पर न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार विवादित भूमि से संबंधित मामला राजस्व बोर्ड, अजमेर में भी विचाराधीन है, जहां से यथास्थिति बनाए रखने के आदेश प्रभावी हैं। इसके बावजूद बगड़ी नगर निवासी रूघाराम चौधरी व कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से रात्रि के समय भूमि पर पहुंचकर ताले तोड़ने, जनरेटर लगाकर बोर्ड लगाने तथा कब्जा स्थापित करने की कोशिश की गई।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि न्यायालय के स्पष्ट यथास्थिति आदेश के दौरान किसी भी प्रकार का कब्जे का प्रयास न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के साथ-साथ क्षेत्र की शांति व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा है। घटना के बाद ग्रामीण क्षेत्र में तनाव का माहौल बनने की बात भी सामने आई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से विवादित भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने, यथास्थिति आदेश की पालना करवाने तथा कथित रूप से अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
राजस्व बोर्ड के आदेश का हवाला
रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि विवादित भूमि से संबंधित प्रकरण न्यायालयों एवं राजस्व बोर्ड, अजमेर में विचाराधीन हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि राजस्व बोर्ड द्वारा यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं, जिसके चलते आगामी आदेश नहीं होने तक किसी भी पक्ष द्वारा भूमि की स्थिति में परिवर्तन नहीं किया जा सकता।
पुलिस ने लिया मामला संज्ञान में
सोजत रोड थाना अधिकारी कमला लोहार ने बताया कि पीड़ित द्वारा सूचना प्राप्त होते ही पुलिस जाप्ता मौके पर भेजा गया था। पीड़ित द्वारा दी गई रिपोर्ट प्राप्त कर परिवाद दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

