छत से गिरा इलेक्ट्रीशियन, मौतः शॉफ्ट पर रखी टाइल पर पैर रखते ही टूटी; दीवार तोड़कर निकाला शव

PALI SIROHI ONLINE

जयपुर-जयपुर में बिल्डिंग के 20वें फ्लोर से गिरकर एक इलेक्ट्रीशियन की मौत हो गई। वह वायरिंग करते समय थर्माकोल पर टाइल्स लगाकर बंद की गई शॉफ्ट पर चढ़ गया था। इस दौरान टाइल्स टूट गई और वह शॉफ्ट में 200 फीट नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ज्योति नगर थाना पुलिस ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद दीवार तोड़कर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने SMS हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के मामा ने बिल्डिंग और कंपनी वालों की लापरवाही के कारण मौत होने का मामला दर्ज कराया है।

ASI यमुनेश कुमार ने बताया कि हादसे में चंदन सिंह (21) पुत्र भीम सिंह चुंडावत निवासी नगर फोर्ट, टोंक की मौत हो गई। वह पिछले काफी समय से वन विहार कॉलोनी, सांगानेर (जयपुर) में रहता था। चंदन सिंह पटेल मार्ग मानसरोवर स्थित मैन एंड वर्क इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में इलेक्ट्रीशियन का काम करता था।

16 नवंबर की देर शाम को बिल्डिंग के 20वें फ्लोर पर चंदन वायरिंग का काम कर रहा था। इस दौरान वह टाइल्स लगाकर बंद कई गई शॉफ्ट पर चढ़ गया। टाइल्स उसका वजन सहन नहीं कर पाई और टूट गई। टाइल के टूटते ही चंदन 200 फीट नीचे गिर गया। हादसे की सूचना पर ज्योति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद शॉफ्ट की दीवार तोड़कर चंदन को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से तुरंत SMS हॉस्पिटल भिजवाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद चंदन को मृत घोषित कर दिया।

लापहरवाही के चलते हुई भांजे की मौत

चंदन के मामा प्रेम सिंह राठौड़ ने ज्योति नगर थाने में बिल्डिंग वालों और कंपनी वालों की लापरवाही के चलते चंदन की मौत होने का आरोप लगाया और केस दर्ज कराया। प्रेम सिंह ने बताया कि 16 नवंबर को चंदन का काम का ऑर्डर मिला था। कंपनी की ओर से चंदन और मोहित को सहकार मार्ग स्थित पिनाकल बिल्डिंग में काम करने भेजा गया था। शाम करीब 6 बजे दोनों बिल्डिंग के 20वें फ्लोर पर वायरिंग कर रहे थे। वायरिंग करते समय एक होल्डर लगाने के लिए चंदन ने फर्श पर पैर रखा। पैर रखने वाली जगह पर शॉफ्ट थी, जिसे थर्माकॉल का गत्ता लगाकर पीओपी और टाइल्स लगाकर बंद कर रखा था। चंदन के वजन से टाइल टूट गई और चंदन शॉफ्ट में करीब 200 फीट नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

शव निकालने में लगे 2 घंटे

प्रेम सिंह ने बताया कि शॉफ्ट में गिरने पर चंदन चिल्लाया तो उसकी आवाज सुनकर मोहित को हादसे का पता चला। मोहित ने कंपनी में कॉल कर चंदन के 20वें फ्लोर से शॉफ्ट में गिरने की जानकारी दी। हादसे का पता चलने पर कंपनी, बिल्डिंग के लोगों के साथ ही ज्योति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शॉफ्ट से चंदन को बाहर निकालने का काम शुरू किया।

अंडरग्राउंड में शॉफ्ट की दीवार तोड़ने पर चंदन नहीं मिला। इसके बाद दो फ्लोर की दीवार तोड़ी गई। तीसरे फ्लोर से शॉफ्ट के शुरू होने का पता चलने पर वहां की दीवार तोड़ी और चंदन को बाहर निकाला गया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से चंदन को SMS हॉस्पिटल भिजवाया, जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने 17 नवंबर को शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

पाली सिरोही ऑनलाइन के सोशियल मीडिया हैंडल से जुड़ें…

ट्विटर
twitter.com/SirohiPali

फेसबुक
facebook.com/palisirohionline

यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करें
https://youtube.com/channel/UCmEkwZWH02wdX-2BOBOFDnA